द वॉचमेन पोस्ट
12 July, 2026
अपराध
नीमच। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नीमच सिटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ट्रेवल्स बस में छिपाकर ले जाई जा रही 105 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा की खेप जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान बस और अन्य सामग्री सहित करीब 65 लाख 85 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रेवल्स बस के माध्यम से अवैध मादक पदार्थ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर नीमच सिटी थाना पुलिस ने फोरलेन स्थित जेतपुरा फंटे से चौथखेड़ा फंटे के बीच फार्म फील्स ढाबे के समीप नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान बी.आर. ट्रेवल्स की बस क्रमांक AR01Y9595 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान बस की डिक्की में रखे छह सफेद कट्टों ने पुलिस का ध्यान खींचा। जब कट्टों की जांच की गई तो उनमें बड़ी मात्रा में अफीम डोडाचूरा भरा हुआ मिला।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई करते हुए कुल 105 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया। मामले में राजस्थान के बालोतरा जिले के रहने वाले बंशीलाल पिता बुधाराम विश्नोई (38 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मूल रूप से फलोदी जिले के मतोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम झरिया का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 105 किलोग्राम डोडाचूरा तथा परिवहन में प्रयुक्त ट्रेवल्स बस को जब्त किया है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 15 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है, जबकि बस की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। कुल जब्ती का मूल्य 65 लाख 85 हजार रुपये बताया गया है।
मामले में थाना नीमच सिटी पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किस स्थान पर की जानी थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के निर्देश और प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत नीमच जिले में भी पुलिस सक्रिय रूप से तस्करों पर शिकंजा कस रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय सागरिया और उनकी टीम द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों ने इसे नशे के कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडाचूरा की खेप का स्रोत क्या था, इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और इस नेटवर्क की जड़ें किन क्षेत्रों तक फैली हुई हैं।