डेस्क न्यूज़
11 July, 2026
अन्य
नीमच। आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर शुक्रवार को नीमच जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर काला दिवस मनाया। बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कर्मी काले वस्त्र पहनकर और काली पट्टी बांधकर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित हनुमान मंदिर पर एकत्रित हुईं। इसके बाद रैली निकालकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा प्रमुख सचिव के नाम ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भयड़िया को सौंपा गया।
सीटू के प्रदेश सचिव कामरेड शैलेंद्र सिंह ठाकुर और जिला कोषाध्यक्ष मुकेश नागदा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद उनकी वर्षों पुरानी मांगों का समाधान नहीं होने से देशभर में आक्रोश व्याप्त है।
ज्ञापन का वाचन वीणा पथरोड और सुषमा गुप्ता ने किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में केंद्र सरकार ने मानदेय वृद्धि, आईसीडीएस के निजीकरण पर रोक, सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार ग्रेच्युटी लागू करने, एफआरएस प्रणाली की अनिवार्यता समाप्त करने, ऑनलाइन कार्य का दबाव कम करने तथा स्थायी कर्मचारियों जैसी सेवा शर्तें देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ।
प्रमुख मांगें
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शासकीय कर्मचारी का दर्जा दिया जाए।
नियमित वेतनमान लागू किया जाए।
कार्यकर्ताओं को 41 हजार और सहायिकाओं को 35 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाए।
18 हजार रुपये मासिक पेंशन, भविष्य निधि, बोनस, बीमा और ग्रेच्युटी सहित सभी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
वर्ष 2018 से लंबित एरियर का भुगतान किया जाए।
पोषण ट्रैकर और संपर्क एप को मानदेय से न जोड़ा जाए तथा संपर्क एप बंद किया जाए।
छह वर्ष के बच्चों को सरकारी स्कूलों में भेजने संबंधी आदेश वापस लिया जाए और 25 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाए।
आंगनबाड़ी कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे प्रदेश और देशव्यापी हड़ताल करने के लिए बाध्य होंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र और राज्य सरकार की होगी।
इस दौरान सीटू जिला महासचिव सुनील शर्मा, राजकुमार पाटीदार, अनीता शर्मा, संतोष कुअर, छाया शुक्ला, अंजना प्लास, जयश्री यादव, नसीम खान, पिंकी गुरंग, अंजुला परमार, लीला किलोरिया, नीतू मौर्य सहित सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।