ताजासमाचार

भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा का रक्तदान शिविर, 100 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य

डेस्क न्यूज़ 12 July, 2026 अन्य

नीमच। सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना को साकार करते हुए भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा ने स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को जिला चिकित्सालय परिसर स्थित रेडक्रॉस ब्लड बैंक में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में परिषद के पदाधिकारियों, सदस्यों, समाजसेवियों, युवाओं, महिलाओं और शहर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

शाखा अध्यक्ष प्रवीण अरोंदेकर ने बताया कि शिविर में 100 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इसकी प्रत्येक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकती है। विशेष रूप से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों एवं अन्य गंभीर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर की विशेषता यह रही कि महिला रक्तदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति समाज को सकारात्मक संदेश दिया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों का परिषद की ओर से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मान किया गया तथा उनके मानवीय योगदान की सराहना की गई।

आयोजकों ने नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित रक्त की उपलब्धता समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति समय-समय पर रक्तदान कर किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उल्लेखनीय है कि नीमच शहर लंबे समय से रक्तदान और नेत्रदान जैसी जनसेवा की प्रेरणादायी परंपराओं के लिए जाना जाता है। भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा का यह रक्तदान शिविर सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवता के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।

Related Post