डेस्क न्यूज़
12 July, 2026
अन्य
नीमच। शहर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय और विधायक बंगले के सामने स्थित व्यस्त चौराहा रविवार को एक बार फिर सड़क हादसे का गवाह बना। यहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होने से बच गए और बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काले रंग की स्कॉर्पियो (क्रमांक एमपी-44-जेडएम-0757) तेज रफ्तार में आई और रॉन्ग साइड से मुड़ते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बाइक सवार अल्फेज मंसूरी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ फव्वारा चौक की ओर से मजदूरी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने अचानक कट मारते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। उनका आरोप है कि वे सामान्य गति से चल रहे थे, लेकिन दुर्घटना के बाद भी स्कॉर्पियो चालक ने अपनी गलती स्वीकार नहीं की और उल्टा उन पर ही तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन सहित पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दोनों पक्षों के बयान के आधार पर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय और विधायक बंगले के सामने स्थित यह चौराहा लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। यहां यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का अभाव है। लोगों ने प्रशासन से इस चौराहे पर स्थायी यातायात व्यवस्था, स्पष्ट संकेतक और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।