ताजासमाचार

भाजपा का जिला स्तरीय सम्मेलन संपन्न, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों पर हुआ मंथन

डेस्क न्यूज़ 06 July, 2026 अन्य

मनासा/नीमच। भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे "स्मरण पखवाड़ा" के अंतर्गत रविवार को मनासा स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी अतिथियों द्वारा किया गया। वंदे मातरम् का गायन श्रीमती हेमलता धाकड़ ने प्रस्तुत किया।

सम्मेलन में जिला प्रभारी सुभाष पटेल, जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, विधायक दिलीप सिंह परिहार, विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, जिला महामंत्री धनसिंह केथवास, नरेंद्र मालवीय सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि स्मरण पखवाड़े के माध्यम से उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है।

जिला प्रभारी सुभाष पटेल ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रत्येक कार्यकर्ता का प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि संगठनात्मक कार्यों में और अधिक प्रभावशीलता लाई जा सके।

जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश के औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखी और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने भारतीय जनसंघ की स्थापना, अखंड भारत के प्रति डॉ. मुखर्जी की प्रतिबद्धता तथा जम्मू-कश्मीर में परमिट व्यवस्था के विरोध को उनके राष्ट्रवादी संघर्ष का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। वहीं मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने उनके सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रहित के लिए उन्होंने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक अर्जुन सिंह सिसोदिया ने किया, जबकि आभार नगर परिषद मनासा प्रतिनिधि अजय तिवारी ने व्यक्त किया। सम्मेलन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारी, बूथ टोली के सदस्य तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post