ताजासमाचार

अफसरों के दर पर घिसटती उम्मीदें...भूमि पर कब्जे की शिकायत लेकर जनसुनवाई पहुंचा किसान, कार्रवाई नहीं होने का लगाया आरोप

डेस्क न्यूज़ 07 July, 2026 अन्य

नीमच। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय सभी की नजरें एक फरियादी पर टिक गईं, जब ग्राम झांतला निवासी पन्नालाल पिता नाथूलाल खटीक अपनी शिकायत लेकर लोट लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। न्याय नहीं मिलने से आहत फरियादी ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराते हुए प्रशासन से अपनी पुश्तैनी कृषि भूमि का कब्जा दिलाने की गुहार लगाई।

पन्नालाल ने आवेदन में बताया कि ग्राम झांतला स्थित उसकी 0.2500 हेक्टेयर कृषि भूमि पर कांतिलाल पिता नाथूलाल खटीक ने कथित रूप से अवैध कब्जा कर रखा है। उसका कहना है कि भूमि का सीमांकन पहले ही हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद आज तक उसे उसकी जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं मिल पाया है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने से वह परेशान है।

फरियादी ने संबंधित हल्का पटवारी पर भी विपक्षी पक्ष से मिलीभगत का आरोप लगाया। उसका कहना है कि विपक्षी अपने हिस्से की भूमि अन्य लोगों को बेच चुका है, लेकिन उसकी जमीन पर अब भी कब्जा बनाए हुए है। इसके बावजूद राजस्व अमला प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।

पन्नालाल ने प्रशासन से मांग की कि उसकी भूमि से अवैध कब्जा हटाकर उसे तत्काल वास्तविक कब्जा दिलाया जाए तथा मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए।

जनसुनवाई में मौजूद अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

Related Post