डेस्क न्यूज़
02 July, 2026
अन्य
जालौर | केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्यप्रदेश इकाई ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 95,400 अवैध मनःप्रभावी (Psychotropic) गोलियां एवं कैप्सूल जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है तथा तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की गई है। पूरी कार्रवाई स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act), 1985 के तहत की गई।
सीबीएन को मिली विशिष्ट गुप्त सूचना के आधार पर 29 जून 2026 को राजस्थान के जालौर जिले में बागोड़ा-बिशनगढ़ मार्ग पर अधिकारियों की टीम ने गुजरात नंबर की एक सफेद मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से विभिन्न एनआरएक्स (NRx) दवाइयों से भरे कई कार्टन बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अधिकारियों को बताया कि उसके राजस्थान के बालोतरा जिले के ग्राम खंडाप स्थित आवास पर भी बड़ी मात्रा में मनःप्रभावी दवाइयां रखी हुई हैं। इसके बाद सीबीएन की टीम ने आरोपी के घर पर अनुवर्ती छापेमारी की, जहां से भी भारी मात्रा में अवैध नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए गए।
जब्त की गई दवाइयां
अल्प्राजोलम (Alprazolam) टैबलेट – 31,200
ट्रामाडोल (Tramadol) टैबलेट/कैप्सूल – 30,400
नाइट्राजेपाम (Nitrazepam) टैबलेट – 16,800
बुप्रेनॉर्फिन (Buprenorphine) टैबलेट – 5,200
अन्य टैबलेट – 11,800
इस प्रकार कुल 95,400 मनःप्रभावी गोलियां एवं कैप्सूल जब्त किए गए। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी सीज कर लिया गया।
सीबीएन ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं तथा इन नशीली दवाइयों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने कहा है कि मादक एवं मनःप्रभावी पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ उसका अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं नशीले पदार्थों की तस्करी या दुरुपयोग की जानकारी मिले तो इसकी सूचना निकटतम सीबीएन कार्यालय को देकर "नशा मुक्त भारत" अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।