डेस्क न्यूज़
02 July, 2026
अन्य
नीमच \ मनासा। नीमच जिले की मनासा पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले का महज 30 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया ट्रैक्टर सीड ड्रिल सहित बरामद कर लिया।
ग्राम भाटखेड़ी में जमुनिया रावजी रोड स्थित शेषावतार मंदिर के सामने घर के बाहर खड़ा महिंद्रा युवो टेक प्लस 575 ट्रैक्टर अज्ञात चोर चुरा ले गए थे। खास बात यह थी कि ट्रैक्टर में बुआई के लिए उपयोग होने वाली सीड ड्रिल (बुआई मशीन) भी जुड़ी हुई थी।
पीड़ित किसान गोविंद पिता राधेश्याम पाटीदार ने बताया कि उन्होंने रोज की तरह 28-29 जून की रात ट्रैक्टर और बुआई मशीन घर के बाहर खड़ी की थी। सोमवार सुबह जब वे उठे और बाहर आए तो ट्रैक्टर गायब मिला। परिजनों के साथ आसपास काफी तलाश करने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने तत्काल मनासा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
चोरी की सूचना मिलते ही मनासा डायल-112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें ट्रैक्टर ले जाते हुए संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ट्रैक्टर को मुख्य सड़क के बजाय कच्चे रास्ते से लेकर फरार हुए, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा एसडीओपी शबेरा अंसारी के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के बईङा निवासी राहुल पिता कमल सिंगार जाती भील (20 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने ट्रैक्टर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया महिंद्रा युवो टेक प्लस 575 ट्रैक्टर सीड ड्रिल सहित बरामद कर लिया। बरामद ट्रैक्टर की अनुमानित कीमत 8 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक तेजसिह सिसोदिया ,सउनि दिलीप कुमार कलमोदीया, प्र आर नेरन्द्र मालवीय आर ईश्वर चौहान आर पींकेश
मोगिया, आर विनोद भाटी की मुख्य सरहानीय भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इस वारदात में और कौन-कौन शामिल था तथा कहीं इसका संबंध किसी बड़े वाहन चोर गिरोह से तो नहीं है।