डेस्क न्यूज़
02 July, 2026
अन्य
नीमच। सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम का द्वितीय दिवस उत्साह, सीख और नई शुरुआत के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, उपलब्ध संसाधनों और विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत आइस-ब्रेकिंग सत्र से हुई, जिसमें छात्राओं ने एक-दूसरे से परिचय स्थापित करते हुए नई मित्र बनाई। इस गतिविधि के दौरान प्रत्येक छात्रा ने अपनी नई मित्र के बारे में पांच महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं और बाद में सभी के समक्ष उनका परिचय प्रस्तुत किया। इस सत्र से छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ा तथा आपसी संवाद और सहभागिता को नई दिशा मिली। आइस-ब्रेकिंग सत्र का संचालन प्रो. नेहा इंग्लैं ने किया।
इसके बाद छात्राओं को महाविद्यालय की विभिन्न कक्षाओं एवं प्रयोगशालाओं का भ्रमण कराया गया। संबंधित प्राध्यापकों ने उन्हें विषयवार अध्ययन, प्रयोगात्मक कार्यों तथा शैक्षणिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी, जिससे छात्राएं महाविद्यालय की शिक्षण व्यवस्था से परिचित हो सकीं।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेल एवं सह-पाठ्यक्रम कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय जीवन केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण चरण भी है।
प्रवेश प्रभारी डॉ. हीर सिंह राजपूत ने बताया कि दीक्षारंभ कार्यक्रम के आगामी दो दिनों में छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य, नई शिक्षा नीति (NEP), आंतरिक मूल्यांकन प्रणाली तथा बहुविषयक अध्ययन विकल्पों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर खेल अधिकारी डॉ. महेंद्र राव ने छात्राओं के शारीरिक एवं मानसिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए विभिन्न रोचक खेल गतिविधियों का आयोजन कराया। छात्राओं ने पूरे उत्साह और आनंद के साथ इन गतिविधियों में भाग लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की सभी नवप्रवेशित छात्राएं, प्राध्यापकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।