डेस्क न्यूज़
02 July, 2026
अन्य
नीमच। नगर पालिका परिषद में बुधवार को नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति एवं पार्षद प्रतिनिधि शराफत हुसैन के बीच हुए घटनाक्रम को जिला कांग्रेस कमेटी ने गंभीरता से लिया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और संगठन में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।
जिला कांग्रेस के प्रवक्ता भगत वर्मा एवं मनोहर अंब ने बताया कि जांच समिति में डॉ. पृथ्वीसिंह वर्मा, एडवोकेट महेश पाटीदार और संदीप चौधरी को सदस्य बनाया गया है। समिति पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच करेगी तथा दोनों पक्षों से चर्चा कर तथ्यात्मक और निष्पक्ष रिपोर्ट तैयार करेगी।
समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह पांच दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट जिला कांग्रेस कमेटी एवं जिला अनुशासन समिति को सौंपे। इसके बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा।
जिला कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है। इसलिए जांच पूरी होने तक दोनों पक्षों को किसी भी प्रकार की सार्वजनिक बयानबाजी से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस का कहना है कि निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले में उचित निर्णय लिया जाएगा।