ताजासमाचार

नीमच में जीटो यूथ विंग का भव्य आगाज, दिव्यांश चौपड़ा को मिली कमान, 30 युवाओं ने ली शपथ

डेस्क न्यूज़ 02 July, 2026 अन्य

नीमच। जीटो (JITO) एमपीसीजी ज़ोन के अंतर्गत नीमच में 10वें यूथ विंग का भव्य शुभारंभ एवं शपथ ग्रहण समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवा नेतृत्व, सामाजिक सहभागिता और संगठन विस्तार का संदेश दिया गया। इस अवसर पर दिव्यांश चौपड़ा को जीटो यूथ विंग, नीमच का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया, जबकि लगभग 30 युवा सदस्यों ने संगठन के प्रति समर्पण की शपथ ली।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जावद विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, समाजसेवा से जुड़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और सकारात्मक सोच समाज में परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जैन, जीटो एपेक्स डायरेक्टर एवं एमपीसीजी ज़ोन चेयरमैन हितेंद्र मेहता, ज़ोन चीफ सेक्रेटरी दिलीप सी. जैन, एपेक्स यूथ विंग वाइस चेयरमैन सुचेक अंचलिया, ज़ोन यूथ विंग कन्वीनर प्रखर मेहता सहित जीटो के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला विंग, यूथ विंग और विभिन्न चैप्टरों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

नवगठित पांच सदस्यीय यूथ विंग कार्यकारिणी में दिव्यांश चौपड़ा को चेयरपर्सन, नमन नाहर को वाइस चेयरमैन, सम्यक कोठारी को चीफ सेक्रेटरी, सारांश नागोरी को जॉइंट सेक्रेटरी तथा रिंकेश चौंडा को ट्रेजरर की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम के दौरान जीटो के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संगठन की कार्यप्रणाली, युवाओं की भूमिका, नेतृत्व विकास, व्यवसायिक नेटवर्किंग, सामाजिक सेवा और व्यक्तित्व विकास के अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से संगठन से जुड़कर समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में करीब 200 गणमान्य अतिथियों, पदाधिकारियों, सदस्यों एवं नागरिकों की उपस्थिति रही। स्वागत उद्बोधन जीटो महिला विंग नीमच की चेयरपर्सन रिंकू राठौर ने दिया। कार्यक्रम का संचालन अजय कासलीवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जीटो यूथ विंग के चीफ सेक्रेटरी सम्यक कोठारी ने किया।

जीटो के पदाधिकारियों ने कहा कि नीमच में 10वें यूथ विंग का गठन संगठन के विस्तार के साथ-साथ युवा नेतृत्व को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है, जो भविष्य में सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगा।

Related Post