डेस्क न्यूज़
02 July, 2026
अन्य
नीमच। जिले के सिंगोली रोड स्थित सुलाबावजी मंदिर के समीप सड़क किनारे एक खेत में बुधवार सुबह 25 वर्षीय युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए पहले सिंगोली अस्पताल भिजवाया, बाद में चिकित्सकों के पैनल द्वारा जिला चिकित्सालय नीमच में पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक की पहचान दयाल सिंह पिता कमल सिंह (25) निवासी ग्राम उगरान, थाना जीरन के रूप में हुई है। वह ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्यरत था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दयाल सिंह का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला, जबकि उसके दोनों पैर भी रस्सी से बंधे हुए थे। शरीर पर चोट के निशान होने की बात भी सामने आई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
देर शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचे, जहां कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती भी पहुंचे और परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
मृतक के अंकल विक्रम सिंह, बड़े भाई नारायण सिंह तथा परिजन दारा सिंह ने बताया कि दयाल सिंह की इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवती से पहचान हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। परिजनों का आरोप है कि इसी संबंध को लेकर कुछ समय पहले मंदसौर टोल टैक्स के पास दयाल के साथ मारपीट की गई थी। उनका कहना है कि इसके बाद भी उसे लगातार परेशान और प्रताड़ित किया जाता रहा।
परिजनों के अनुसार घटना से दो-तीन दिन पहले भी कुछ लोग दयाल को डराने और धमकाने पहुंचे थे। दयाल काफी डरा हुआ था और उसने परिजनों को बताया था कि संबंधित युवती भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है। हालांकि उसने पूरे मामले की विस्तृत जानकारी किसी को नहीं दी थी।
बुधवार सुबह पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि दयाल सिंह का शव सिंगोली थाना क्षेत्र में सुलाबावजी के पास खेत में पेड़ से लटका मिला है। परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने घटना से जुड़े कुछ साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे हैं, जबकि मृतक का मोबाइल फोन पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पोस्टमार्टम के बाद भी परिजन जिला चिकित्सालय परिसर में न्याय की मांग को लेकर डटे रहे। उनका कहना था कि जब तक निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कार्रवाई का स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक वे शव नहीं उठाएंगे। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।