डेस्क न्यूज़
02 July, 2026
अन्य
नीमच। नीमच-सिंगोली मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की जान चली गई। नेवड़ क्षेत्र के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर गंभीर हालत हो गई, जिसे तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राकेश पिता बाबूलाल बंजारा (35) निवासी गुरुतलाई के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद उन्हें 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय नीमच लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय एक बाइक पर दो लोग सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर एक युवक अकेला सवार था। दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों लोग सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना में घायल अन्य दो लोगों को उपचार के लिए अन्य अस्पताल ले जाया गया है। उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि मृतक राकेश बंजारा नीमच मंडी स्थित एक वेयरहाउस में मजदूरी का कार्य करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन जिला चिकित्सालय पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा दूसरी बाइक पर सवार लोगों की पहचान और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।