ताजासमाचार

मूलभूत सुविधाओं के लिए महिलाओं का कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन, जनसुनवाई में लगाई गुहार

डेस्क न्यूज़ 01 July, 2026 अन्य

नीमच। शहर के वार्ड क्रमांक-1 स्थित ट्रिनिटी पब्लिक स्कूल के समीप रहने वाली महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में अपनी समस्याओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई। महिलाओं ने प्रशासन को आवेदन सौंपते हुए वार्ड में लंबे समय से चली आ रही सड़क, नाली, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।

महिलाओं ने बताया कि उनके वार्ड में वर्षों से विकास कार्यों की अनदेखी की जा रही है। कई स्थानों पर सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के मौसम में सड़कें कीचड़ से भर जाती हैं, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।

रहवासियों का कहना है कि वार्ड में पर्याप्त नालियां नहीं होने के कारण गंदा पानी जमा रहता है। इससे गंदगी फैलने के साथ-साथ मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। वहीं कई बिजली के खंभों पर स्ट्रीट लाइटें नहीं होने से रात के समय अंधेरा छाया रहता है, जिससे दुर्घटना और असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा पेयजल की समस्या भी लंबे समय से लोगों को परेशान कर रही है।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार संबंधित पार्षद और नगर पालिका प्रशासन को लिखित एवं मौखिक शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि नगर पालिका क्षेत्र में होने के बावजूद वार्ड क्रमांक-1 को विकास कार्यों से वंचित रखा जा रहा है।

जनसुनवाई में महिलाओं ने जिला प्रशासन से मांग की कि वार्ड क्रमांक-1 में सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तत्काल विकास कार्य शुरू कराए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को रोजमर्रा की समस्याओं से राहत मिल सके और उन्हें बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Related Post