डेस्क न्यूज़
01 July, 2026
अन्य
नीमच। ईमानदारी और मानवता की अनूठी मिसाल पेश करने वाली क्षत्रिय नायक समाज की बेटी रेखा नायक को उनके सराहनीय कार्य के लिए राष्ट्रीय क्षत्रिय नायक समाज युवा संगठन द्वारा मंगलवार को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके पुत्र अशोक नायक को भी सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
रेखा नायक ने अपनी सत्यनिष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचाकर समाज के सामने ईमानदारी का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसकी पूरे जिले में सराहना हो रही है।
राष्ट्रीय क्षत्रिय नायक समाज युवा संगठन के पदाधिकारियों ने सम्मान समारोह में कहा कि रेखा नायक का यह कार्य केवल समाज ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है। आज के दौर में जहां लोग छोटी-छोटी बातों में भी स्वार्थ को प्राथमिकता देते हैं, वहीं रेखा नायक ने यह साबित कर दिया कि ईमानदारी और मानवता आज भी जीवित है। उनका यह कदम समाज के युवाओं को सच्चाई, नैतिकता और जिम्मेदारी के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
गौरतलब है कि राजस्थान के अजमेर निवासी नाडूराम गुर्जर मायरा लेकर गांधीसागर जा रहे थे। यात्रा के दौरान वे नीमच बस स्टैंड पर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग भूल गए। यह बैग बस स्टैंड पर चाय की गुमटी संचालित करने वाली रेखा नायक को मिला। उन्होंने बैग को न तो खोला और न ही उसमें रखे सामान के बारे में जानने का प्रयास किया, बल्कि पूरी जिम्मेदारी के साथ उसे सुरक्षित रखा।
बाद में जब बैग के मालिक के परिजनों ने संपर्क किया तो रेखा नायक ने नीमच कैंट थाना पहुंचकर पुलिस की मौजूदगी में बैग उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित सौंप दिया। बैग में रखा पूरा सामान सुरक्षित मिलने पर मालिक ने भी रेखा नायक की ईमानदारी की खुलकर प्रशंसा की।
रेखा नायक की इस प्रेरणादायी ईमानदारी को सम्मानित करते हुए राष्ट्रीय क्षत्रिय नायक समाज युवा संगठन ने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज की वास्तविक पूंजी हैं। उनका सम्मान करना केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि ईमानदारी, मानवता और नैतिक मूल्यों का सम्मान है। रेखा नायक का यह कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।