डेस्क न्यूज़
01 July, 2026
अन्य
नीमच। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक प्रदेशव्यापी "सेफ क्लिक-2.0" अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार, 30 जून को नीमच जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को साइबर ठगी के नए-नए तरीकों से अवगत कराते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए जागरूक रहने का संदेश दिया।
अभियान के तहत थाना मनासा, थाना कुकड़ेश्वर के ग्राम सेमली इस्तमुरार, थाना बघाना के रेलवे स्टेशन, थाना जावद के ग्राम मोड़ी, थाना रतनगढ़ के बस स्टैंड तथा थाना नीमच सिटी स्थित सिलवेल फैक्ट्री में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा नागरिकों को साइबर सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को सोशल मीडिया एवं इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां तथा साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए हथकंडों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचने, अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने की सलाह दी।
इस दौरान डिजिटल अरेस्ट, फर्जी इन्वेस्टमेंट ऐप, व्हाट्सएप हैकिंग, फर्जी कैशबैक एवं रिफंड ऑफर, फेक कॉल, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, जॉब स्कैम, मैट्रिमोनियल वेबसाइट फ्रॉड, बैंकिंग एवं पेंशन संबंधी साइबर ठगी जैसे मामलों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार के लालच, दबाव या जल्दबाजी में आकर ऑनलाइन लेन-देन न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
नीमच पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी या साइबर अपराध होता है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कर सकता है। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता, सतर्कता और सही समय पर शिकायत करना है।