ताजासमाचार

हरकियाखाल डैम की सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप, कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंची शिकायत

डेस्क न्यूज़ 30 June, 2026 अन्य

नीमच। जिले के सीताराम जाजू सागर बांध (हरकियाखाल डैम) की शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण, अवैध खेती और अवैध निर्माण का मामला मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंच गया। शिकायतकर्ता राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि हरकियाखाल डैम के आसपास बरखेड़ा गुर्जर, जीरन, पावटी, पिपलिया गुर्जर और कालियाखेड़ी क्षेत्र की सरकारी भूमि पर वर्षों से कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर हर साल अवैध रूप से खेती की जा रही है। शिकायत के बाद इस वर्ष नगर पालिका ने सीमांकन कराया और कई स्थानों पर खाई खोदकर खंभे लगाए, लेकिन बरखेड़ा गुर्जर क्षेत्र में यह कार्रवाई नहीं की गई।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि डैम प्रभारी शेरू चौहान की मिलीभगत के कारण बरखेड़ा गुर्जर क्षेत्र में सीमांकन का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। उनका दावा है कि इसी क्षेत्र में सबसे अधिक अवैध खेती होती है और हर वर्ष सांठगांठ कर सरकारी भूमि पर फसल बोई जाती है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि सीमांकन के दौरान नगर पालिका की भूमि पर तीन से चार अवैध निर्माण भी चिन्हित किए गए थे, लेकिन अब तक उनके विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ता ने पूछा है कि क्या संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए और अवैध कब्जे हटाने के लिए क्या कदम उठाए गए।

राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने कलेक्टर से मांग की है कि नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) और डैम प्रभारी को निर्देशित कर शासकीय भूमि पर हो रही अवैध खेती और अतिक्रमण पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Related Post