ताजासमाचार

नीमच के विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर, अमेरिका की AI विशेषज्ञ अरुषा गोयल देंगी आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण

डेस्क न्यूज़ 30 June, 2026 अन्य

नीमच | नीमच के स्कूली विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी और खास खबर सामने आई है। अब उन्हें कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की आधुनिक तकनीकों को सीधे एक अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ से सीखने का अवसर मिलने जा रहा है। भारत विकास परिषद, शाखा नीमच की पहल पर शहर में दो दिवसीय AI Claude Workshop का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीक से जोड़ना और उन्हें एआई के जिम्मेदार एवं प्रभावी उपयोग के लिए तैयार करना है।

भारत विकास परिषद के मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी, अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल और प्रोजेक्ट चेयरमैन अरविंद गोयल ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि आज के डिजिटल युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से शिक्षा, रोजगार और व्यवसाय का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। ऐसे समय में विद्यार्थियों के लिए एआई का सही ज्ञान और उसका जिम्मेदारी के साथ उपयोग करना बेहद आवश्यक हो गया है। इसी सोच के साथ यह विशेष कार्यशाला आयोजित की जा रही है।

कार्यशाला का पहला सत्र 1 जुलाई को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच में आयोजित होगा। इसके बाद दूसरा सत्र 2 जुलाई को कार्मल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नीमच में होगा। दोनों सत्रों में विद्यार्थियों को एआई की मूलभूत जानकारी से लेकर आधुनिक एआई टूल्स, उनके सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग, पढ़ाई में एआई की भूमिका तथा भविष्य में करियर की संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं के समाधान के लिए विशेष प्रश्नोत्तर सत्र भी रखा गया है।

इस कार्यशाला की मुख्य वक्ता एवं प्रशिक्षक अरुषा गोयल (यूएसए) होंगी। अरुषा गोयल कंप्यूटर साइंस इंजीनियर हैं और उन्होंने इंटरनेशनल मैनेजमेंट में एमबीए किया है। उन्हें सूचना प्रौद्योगिकी (IT), बिजनेस कंसल्टिंग, प्रोग्राम मैनेजमेंट और टेक्नोलॉजी लीडरशिप के क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक का अंतरराष्ट्रीय अनुभव है।

पिछले कई वर्षों से वे विशेष रूप से विद्यार्थियों, शिक्षकों और नए शिक्षार्थियों को एआई टूल्स, वर्कफ्लो और Responsible AI के विषय में प्रशिक्षण दे रही हैं। उनका उद्देश्य लोगों को एआई का सुरक्षित, नैतिक और प्रभावी उपयोग सिखाना है, ताकि नई तकनीक का अधिकतम लाभ समाज को मिल सके।

भारत विकास परिषद का कहना है कि नीमच के विद्यार्थियों के लिए यह एक दुर्लभ अवसर है, जब उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञ से सीधे सीखने का मौका मिलेगा। इस कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थी न केवल एआई की आधुनिक तकनीकों को समझेंगे, बल्कि यह भी जानेंगे कि पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं, रिसर्च और भविष्य के करियर में एआई का सही उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है।

परिषद को उम्मीद है कि यह पहल विद्यार्थियों को तकनीक के नए दौर के लिए तैयार करने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल दुनिया में जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित करेगी।

Related Post