डेस्क न्यूज़
30 June, 2026
अन्य
भोपाल/राजगढ़। जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन अवसर पर मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजगढ़ जिले के प्रसिद्ध भैंसवामाता मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पवित्र दूध तलैया में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर भैंसवामाता एवं माता बिजासन के दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा जनता के कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर के प्रस्तावित विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की जानकारी ली और प्रस्तावित स्वरूप का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत का संदेश भी दिया।
भैंसवामाता मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में आदिवासी नृत्य दल ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि बालिकाओं ने सिर पर कलश रखकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित कर आत्मनिर्भर बनने की शुभकामनाएं दीं। साथ ही महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए लखपति दीदी समूहों को 11 इलेक्ट्रिक वाहन भी सौंपे।
मुख्यमंत्री ने ब्यावरा की पर्यावरण प्रेमी संरक्षण समिति द्वारा प्लास्टिक अपशिष्ट से तैयार किए जा रहे ईको ब्रिक्स की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे अभियान तभी सफल होंगे, जब समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी।