डेस्क न्यूज़
30 June, 2026
अन्य
नीमच। जिले के ग्राम भरभड़िया का प्रमुख संपर्क मार्ग अतिक्रमण की चपेट में आने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर सड़क एवं नाले से अतिक्रमण हटाने तथा मार्ग को पुनः सुचारु कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2004-05 में शासन द्वारा नायरा पेट्रोल पंप से ग्राम भरभड़िया तक करीब एक किलोमीटर लंबी संपर्क सड़क का निर्माण कराया गया था। यह मार्ग गांव के किसानों, स्कूली छात्र-छात्राओं तथा श्मशान, ईदगाह और अन्य सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने सड़क किनारे बने नाले और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर सड़क की चौड़ाई कम कर दी है। इससे दो वाहनों का एक साथ निकलना मुश्किल हो गया है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। नालों की निकासी बाधित होने से सड़क पर जलभराव हो जाता है, जिससे किसानों को ट्रैक्टर-ट्रॉली और कृषि उपकरण लेकर खेतों तक पहुंचने में परेशानी होती है। इससे खेती-किसानी का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि सड़क और नाले से अतिक्रमण हटाकर आवश्यक निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।