ताजासमाचार

मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ का संभागीय सम्मेलन संपन्न, नई संभागीय व जिला कार्यकारिणी की घोषणा, वरिष्ठ पत्रकार सम्मानित

डेस्क न्यूज़ 30 June, 2026 अन्य

सिंगोली/रतलाम। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ का संभागीय सम्मेलन रविवार को रतलाम में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। सम्मेलन में संघ के प्रदेशाध्यक्ष शलभ भदौरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी, महापौर प्रहलाद पटेल, डीआरएम अश्वनी कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, निगम सभापति मनीषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन रतलाम जिला इकाई के अध्यक्ष राजेश जैन ने दिया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष शलभ भदौरिया ने कहा कि पत्रकारों को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है कि आखिर समाज पहले की तरह उनके पक्ष में क्यों नहीं खड़ा होता। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की आवाज बनकर निष्पक्षता और निर्भीकता से कलम चलाएंगे तो पत्रकारिता का पुराना सम्मान निश्चित रूप से वापस लौटेगा।

उन्होंने संगठन की मजबूती पर भी जोर देते हुए कहा कि वे कई वर्षों से संगठन का नेतृत्व छोड़ना चाहते हैं, लेकिन कोई जिम्मेदारी लेने आगे नहीं आ रहा है। इसके बावजूद वे संगठन के हित में निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की सबसे बड़ी ताकत ग्रामीण पत्रकारों के पास है।

महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि पत्रकार अपनी लेखनी के माध्यम से समाज को आईना दिखाने का कार्य करते हैं और कई बार घटनास्थल पर पुलिस से पहले पहुंचकर समाज को सही जानकारी उपलब्ध कराते हैं। डीआरएम अश्वनी कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और समाचारों को तथ्यों के आधार पर प्रस्तुत किया जाना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि पत्रकारों की लेखनी प्रशासन को उसकी जिम्मेदारियों का एहसास कराती है। वहीं पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी ने स्वतंत्रता आंदोलन में पत्रकारों की भूमिका को याद करते हुए कहा कि उस दौर के पत्रकारों ने निर्भीक होकर देशहित में अपनी लेखनी चलाई थी।

वरिष्ठ पत्रकार शरद जोशी ने कोरोना काल के दौरान बंद हुई पत्रकार कल्याण योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने श्रद्धा निधि सहित विभिन्न सुविधाओं को पुनः शुरू करने और तहसील स्तर पर पत्रकारों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

सम्मेलन में विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, नीमच जिला अध्यक्ष प्रदीप जैन, मंदसौर जिला अध्यक्ष हेमंत जैन, उज्जैन संभाग अध्यक्ष मनोज जैन, संभागीय महासचिव राजेंद्र अग्रवाल, प्रतीक खरे, डॉ. नरेंद्र सिंह राजावत, भेरूलाल टांक, राजेंद्र राठौर सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।

Related Post