ताजासमाचार

दिव्यांग किसान ने जनसुनवाई में लगाई न्याय की गुहार, जमीन पर कब्जे और धमकी देने का लगाया आरोप

डेस्क न्यूज़ 30 June, 2026 अन्य

नीमच। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम बोरखेड़ी कलां निवासी दिव्यांग किसान जगदीश पिता भंवरलाल ब्राह्मण ने अपनी कृषि भूमि पर कथित कब्जा, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर अपनी भूमि का कब्जा वापस दिलाने और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

शिकायत के अनुसार, सर्वे नंबर 44 स्थित कृषि भूमि में बंटवारे के बाद 0.12 हेक्टेयर भूमि जगदीश ब्राह्मण के हिस्से में आई थी। उनका आरोप है कि सहखातेदारों ने वर्ष 2023 में भूमि का एक हिस्सा रमाकांत बागड़ी को बेचा था, लेकिन रमाकांत बागड़ी ने उनकी भूमि खरीदे बिना ही उस पर भी कथित रूप से कब्जा कर लिया।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि जब उन्होंने अपनी भूमि वापस मांगी तो कब्जा छोड़ने से इनकार करते हुए उन्हें धमकाया गया। शिकायत में संबंधित पटवारी सुमित शर्मा और रेखा गुप्ता पर भी पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित का कहना है कि पटवारी ने उन्हें और उनके मूक-बधिर पुत्र पवन के साथ भी अभद्र व्यवहार करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

दिव्यांग किसान ने आवेदन में बताया कि वह स्वयं दिव्यांग हैं और उनका पुत्र भी मूक-बधिर है, इसलिए वे किसी प्रकार का विवाद करने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उनकी कृषि भूमि से कथित अतिक्रमण हटाने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।

Related Post