डेस्क न्यूज़
30 June, 2026
अन्य
नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनियाकलां में एक 35 वर्षीय युवक द्वारा जहरीले पदार्थ सल्फास का सेवन करने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराए गए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जमुनियाकलां निवासी लक्ष्मीलाल उर्फ लाला (35) पिता चांदमल सेन ने रविवार को अज्ञात कारणों के चलते गांव के शासकीय स्कूल परिसर में सल्फास का सेवन कर लिया। जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसने अपने एक दोस्त को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दोस्त ने परिजनों को इसकी खबर दी।
परिजन तत्काल लक्ष्मीलाल को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर नीमच सिटी थाना पुलिस जिला चिकित्सालय पहुंची। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्मघाती कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।