डेस्क न्यूज़
30 June, 2026
अन्य
नीमच। जिले की सिंगोली तहसील के ग्राम लुहारिया जाट निवासी भेरूलाल गुर्जर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में अनोखे अंदाज में पहुंचे। उन्होंने अपने गले में वर्षों से दिए गए विभिन्न आवेदनों की माला पहनकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया और कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की अधूरी कार्रवाई दोबारा शुरू कराने की मांग की।
भेरूलाल गुर्जर ने आवेदन में बताया कि अतिरिक्त तहसीलदार, टप्पा रतनगढ़ ने 7 मई 2026 को संबंधित शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए थे। इसके बाद 26 मई 2026 को तहसीलदार, राजस्व अमले और पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू भी हुई थी।
शिकायत के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कथित अतिक्रमणकारियों ने विरोध करते हुए विवाद खड़ा कर दिया और पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके कारण प्रशासन को कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ी। भेरूलाल गुर्जर का कहना है कि इस घटना में उन्हें और उनकी पत्नी कमला गुर्जर को भी चोटें आईं, जबकि शासकीय भूमि से अतिक्रमण नहीं हटाया जा सका।
भेरूलाल गुर्जर ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक आदेश जारी होने के बावजूद आज तक संबंधित सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त नहीं हो सकी है। उनका कहना है कि इससे न्यायालयीन और प्रशासनिक आदेशों का भी पालन नहीं हो पा रहा है।
जनसुनवाई में उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि संबंधित अधिकारियों को पुनः निर्देश जारी कर पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कराई जाए, ताकि शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराया जा सके और प्रशासनिक आदेशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो।