डेस्क न्यूज़
18 June, 2026
अन्य
नीमच। हिन्दुआ सूर्य, स्वाभिमान, स्वतंत्रता और राष्ट्र गौरव के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती बुधवार को नीमच सिटी में श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। महाराणा प्रताप जयंती महोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों में हजारों समाजजन, युवा और नागरिक शामिल हुए। दिनभर शहर महाराणा प्रताप के जयघोष, भगवा ध्वजों और देशभक्ति के माहौल से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रताप चौक एवं ग्वालटोली चौराहा स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पूजन के साथ हुआ। क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार सहित समिति पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने महाराणा प्रताप को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।
सायंकाल प्रताप चौक से विशाल वाहन रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन शामिल हुए। डीजे पर महाराणा प्रताप के शौर्य और पराक्रम से जुड़े गीतों के बीच युवा जोश और उत्साह के साथ जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। रैली बस स्टैंड, बारादरी, नया बाजार, घंटाघर, तिलक मार्ग, पुस्तक बाजार, 40 नंबर चौराहा, टैगोर मार्ग, कमल चौक और फव्वारा चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
वाहन रैली के समापन के बाद ऐतिहासिक एवं भव्य चल समारोह निकाला गया। चल समारोह में महाराणा प्रताप के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति को दर्शाती आकर्षक झांकियां लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित युवा और समाजजन हाथों में भगवा ध्वज लेकर महाराणा प्रताप के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। यह चल समारोह नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होता हुआ श्री नृसिंह मंदिर, नीमच सिटी पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ।
पूरे आयोजन के दौरान नगर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन राष्ट्रप्रेम, स्वाभिमान और संघर्ष की अमर प्रेरणा है तथा उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।
महाराणा प्रताप जयंती पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने नगरवासियों में गौरव, उत्साह और राष्ट्रभक्ति का संचार किया तथा महाराणा प्रताप के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।