ताजासमाचार

तेज रफ्तार ट्रक ने भाई-बहन को कुचला, 7 वर्षीय मासूम का पंजा अलग, बहन का पैर टूटा

डेस्क न्यूज़ 18 June, 2026 अन्य

नीमच। शहर के बघाना थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। कृषि उपज मंडी की पुलिया के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल जा रहे भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में 7 वर्षीय मासूम शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बड़ी बहन नेहा के पैर में फ्रैक्चर हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चौकन्ना बालाजी क्षेत्र निवासी संतोष बाई मंगलवार शाम खेत से कार्य कर अपने पोते शुभम (7) और पोती नेहा (12) के साथ पैदल घर लौट रही थीं। तीनों कृषि उपज मंडी के पास स्थित पुलिया से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आए एक ट्रक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दोनों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसा इतना भयावह था कि कक्षा प्रथम में अध्ययनरत शुभम के पैर पर ट्रक का पहिया चढ़ गया, जिससे उसका पंजा शरीर से अलग हो गया। वहीं कक्षा तृतीय की छात्रा नेहा के पैर में गंभीर चोटें आने से फ्रैक्चर हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय नागरिकों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद शुभम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया, जबकि नेहा का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर शहर में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Post