डेस्क न्यूज़
11 June, 2026
अन्य
नीमच। शहरवासियों को स्वच्छ और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगरपालिका परिषद ने जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा की अध्यक्षता में आयोजित प्रेसिडेंट इन काउंसिल (पीआईसी) की विशेष बैठक में पाइपलाइन मरम्मत एवं सुधार कार्यों के लिए 22 लाख 15 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि कई क्षेत्रों में पुरानी पाइपलाइनों के कारण लीकेज और टूट-फूट की समस्याएं सामने आ रही हैं, जिससे पेयजल वितरण प्रभावित होता है। स्वीकृत राशि से इन पाइपलाइनों की मरम्मत एवं सुधार कार्य कराए जाएंगे, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था अधिक सुचारू और प्रभावी बन सकेगी।
नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने बताया कि शहर में गंदे पानी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जलशोधन संयंत्र में लगे फिल्टर मीडिया को बदलने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि लगभग 15 से 20 वर्षों बाद फिल्टर मीडिया का नवीनीकरण किया जा रहा है। वर्तमान में संयंत्र के 16 से 17 फिल्टर पैनलों को बदला जा रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में शहरवासियों को बेहतर गुणवत्ता का स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि जलकल विभाग सीधे आमजन की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ा है, इसलिए इसकी व्यवस्थाओं को मजबूत करना परिषद की प्राथमिकता है। पाइपलाइन सुधार कार्यों के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहर की जल टंकियों पर जनरेटर लगाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई।
स्वाति चोपड़ा ने बताया कि कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण जल टंकियां समय पर नहीं भर पाती हैं, जिससे जल वितरण प्रभावित होता है। यदि टंकियों पर जनरेटर लगाए जाते हैं तो बिजली कटौती के दौरान भी जल भराव का कार्य जारी रहेगा और शहर में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। इस प्रस्ताव पर आगामी परिषद बैठक में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नगरपालिका के इस निर्णय से शहर की जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है, वहीं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।