ताजासमाचार

एक आवेदन और तुरंत मदद ! बीमार बालिका के इलाज के लिए आगे आए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, रेडक्रास से दिलाई 1 लाख की आर्थिक सहायता

डेस्क न्यूज़ 11 June, 2026 अन्य

नीमच। जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और मानवीय पहल का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। गंभीर बीमारी से जूझ रही एक बालिका के उपचार के लिए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर भारतीय रेडक्रास सोसायटी, नीमच द्वारा 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह सहायता उस परिवार के लिए बड़ी राहत साबित होगी, जो लंबे समय से आर्थिक तंगी के बीच बच्ची का इलाज कराने के लिए संघर्ष कर रहा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कनावटी के प्रतापनगर वार्ड क्रमांक 20 निवासी किशनलाल पिता लालाराम गाड़िया लोहार ने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर अपनी पोती संजना के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की थी। आवेदन में बताया गया कि संजना, पिता मोहन गाड़िया लोहार, पिछले लगभग डेढ़ माह से गंभीर बीमारी के कारण उदयपुर स्थित पैसिफिक मेडिकल कॉलेज में भर्ती है और उसका लगातार उपचार चल रहा है।

परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्ची के इलाज का खर्च उठाना कठिन हो रहा था। परिजनों ने बताया कि संजना के पिता इलाज के लिए कर्ज लेकर व्यवस्था कर रहे हैं। लगातार बढ़ते चिकित्सा खर्च ने पूरे परिवार को आर्थिक संकट में डाल दिया था। ऐसे कठिन समय में परिवार ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशों के पालन में भारतीय रेडक्रास सोसायटी, शाखा नीमच द्वारा संजना के उपचार के लिए 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। इसके बाद सहायता राशि का चेक तैयार कर परिवार को प्रदान किया गया।

भारतीय रेडक्रास सोसायटी, शाखा नीमच की प्रभारी अधिकारी अंकिता पंड्या ने बताया कि जिला प्रशासन गंभीर बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसे परिवारों को रेडक्रास सोसायटी तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से हरसंभव आर्थिक एवं सामाजिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी जरूरतमंद के उपचार में बाधा न बने।

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की इस पहल को जिले में मानवीय संवेदनशीलता और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। समय पर मिली यह सहायता संजना के उपचार में महत्वपूर्ण सहयोग साबित होगी और परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करेगी।

Related Post