डेस्क न्यूज़
12 June, 2026
अन्य
नीमच। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और निजी अस्पतालों में व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के उद्देश्य से एसडीएम पराग जैन ने गुरुवार को शहर के तीन प्रमुख निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम के साथ पहुंचे एसडीएम पराग जैन ने गुप्ता हॉस्पिटल, चौधरी नर्सिंग होम एवं केयर वेल हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी वार्ड, प्रसूति कक्ष, ऑपरेशन थियेटर, दवा भंडार, फायर सेफ्टी व्यवस्था, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई।
तहसीलदार नीमच नगर संजय मालवीय ने बताया कि एसडीएम ने अस्पताल प्रबंधन, डॉक्टरों एवं स्टाफ से उपचार व्यवस्था, मरीजों के पंजीयन, शुल्क निर्धारण और उपलब्ध संसाधनों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पतालों में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
एसडीएम पराग जैन ने अस्पताल संचालकों को निर्देशित किया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सभी आवश्यक लाइसेंस, दस्तावेज एवं अनुमतियां अद्यतन रखी जाएं। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। नियमों की अनदेखी या किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।