डेस्क न्यूज़
11 June, 2026
अन्य
नीमच। जिले की चीताखेड़ा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भीमपुरा में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवक का शव गांधीपुरा के समीप जंगल में महुआ के पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब महुआ बीनने गए बच्चों की नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गेंदमल मीणा पिता हेमराज मीणा (25) निवासी भीमपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गेंदमल मीणा अहमदाबाद में मजदूरी करता था और कुछ समय पहले ही अपने गांव लौटा था। बुधवार को वह घर से निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा।
इसी दौरान गांधीपुरा के समीप जंगल में महुआ के फल एकत्रित करने गए कुछ बच्चों ने एक पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखकर बच्चे घबरा गए और दौड़कर गांव पहुंचे। बच्चों ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल-112 तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चीताखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय नीमच भिजवाया।
गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है तथा आत्महत्या के पीछे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।