ताजासमाचार

जामा मस्जिद क्षेत्र में महिला से ठगी और लूट, चाकू दिखाकर उतरवाए सोने के आभूषण; 5 दिन बाद भी आरोपी फरार

डेस्क न्यूज़ 11 June, 2026 अन्य

नीमच। शहर के जामा मस्जिद क्षेत्र में एक महिला के साथ ठगी और लूट की वारदात सामने आई है। आरोप है कि दो अज्ञात बदमाशों ने पहले बातचीत कर महिला का विश्वास जीता और फिर चाकू दिखाकर उसके सोने के आभूषण उतरवा लिए। घटना के पांच दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परेशान पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार ग्राम खेताखेड़ा डोरिया निवासी बुलाकीबाई पति भागचंद ओढ़ 6 जून को किसी निजी कार्य से नीमच आई थीं। शाम करीब 6 बजे जामा मस्जिद क्षेत्र में दो अज्ञात व्यक्ति उनसे मिले। महिला का आरोप है कि दोनों ने बातचीत के दौरान उसे अपने झांसे में लिया और अपने साथ ले गए।

पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने उसे अपने प्रभाव में लेकर उसके पहने हुए सोने के आभूषण उतरवा लिए। जब उसने इसका विरोध किया तो दोनों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण महिला कुछ नहीं कर सकी और आरोपी आभूषण लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़िता ने उसी दिन कैंट थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन पांच दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। इससे नाराज महिला गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और लिखित आवेदन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा लूटे गए आभूषणों की बरामदगी की मांग की।

महिला ने आवेदन में बताया कि वारदात क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। ऐसे में फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान की जा सकती है। पीड़िता ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Post