ताजासमाचार

इंदौर सड़क हादसा: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे प्रशांत सिंह की दर्दनाक मौत, आरोपी बस चालक फरार

डेस्क न्यूज 12 June, 2026 अन्य

इंदौर (मध्य प्रदेश) : इंदौर के शिप्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक बेहद भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें देश के केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे प्रशांत सिंह की असमय मौत हो गई। यह दर्दनाक वाकया गुरुवार रात करीब 11 बजे का बताया जा रहा है, जिसकी खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार सुबह मृतक के पार्थिव शरीर को विशेष विमान के जरिए एयरलिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया, जहां से अंतिम संस्कार के लिए इसे उत्तर प्रदेश के बलिया ले जाया जाएगा।

इस भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 29 वर्षीय प्रशांत सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती क्षेत्र (गाय घाट) के निवासी थे। पारिवारिक रिश्तों की बात करें तो प्रशांत के पिता प्रदीप सिंह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के चचेरे भाई हैं और इस लिहाज से प्रशांत सिंह रिश्ते में रक्षा मंत्री के भतीजे थे।

शिप्रा थाना पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, प्रशांत सिंह अपने तीन दोस्तों के साथ किसी निजी कार्य से देवास आए हुए थे और गुरुवार रात करीब 11 बजे वे सभी कार से देवास से इंदौर की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान शिप्रा क्षेत्र के पास शौच के लिए उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे रोकी थी। शौच से निवृत्त होने के बाद प्रशांत जैसे ही वापस कार में बैठने के लिए आगे बढ़े, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

तेज रफ्तार बस की टक्कर इतनी भयानक थी कि प्रशांत के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। कार में सवार उनके साथी उन्हें अत्यंत नाजुक हालत में तुरंत इंदौर के अरबिंदो अस्पताल लेकर भागे, हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हाईप्रोफाइल मामला होने और रक्षा मंत्री के परिवार से जुड़े होने के कारण हादसे की खबर मिलते ही सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर सहित भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता देर रात ही अरबिंदो अस्पताल पहुंच गए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों ने विशेष अनुमति ली और रात को करीब 3 बजे ही शव का पोस्टमॉर्टम संपन्न कराया गया।

इस दर्दनाक हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी बस चालक मौके से वाहन सहित तेजी से फरार हो गया। फिलहाल शिप्रा थाना पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि दुर्घटनाग्रस्त बस और फरार ड्राइवर को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Related Post