ताजासमाचार

CBN की तीन बड़ी कार्रवाई: 27 हजार ट्रामाडोल टैबलेट, 196 ग्राम एमडी और 4.6 किलो अफीम जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार

डेस्क न्यूज 11 June, 2026 अपराध

नीमच। मादक पदार्थों और मनःप्रभावी पदार्थों की तस्करी के खिलाफ केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) मध्य प्रदेश इकाई ने तीन अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता हासिल की है। सीबीएन ने राजस्थान और मध्यप्रदेश से जुड़े तीन मामलों में कुल 27 हजार ट्रामाडोल टैबलेट्स, 196 ग्राम एमडी ड्रग्स और 4.673 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की है। इन कार्रवाइयों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किए गए हैं।

पहले मामले में 10 जून को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर सीबीएन की टीम ने राजस्थान के जोधपुर स्थित झालामंड सर्किल क्षेत्र में कार्रवाई की। सूचना थी कि एक हुंडई आई-20 कार में ट्रामाडोल टैबलेट्स की तस्करी की जा रही है। अधिकारियों ने वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें 27 हजार ट्रामाडोल टैबलेट्स बरामद हुईं। एनडीपीएस एक्ट के तहत टैबलेट्स और कार को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच जारी है।

दूसरी कार्रवाई 11 जून को गरोठ टोल प्लाजा के समीप की गई। सीबीएन गरोठ सेल और जिला अफीम अधिकारी कार्यालय के संयुक्त निवारक दल को सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल से एमडी ड्रग्स का परिवहन किया जा रहा है। टीम ने निगरानी के बाद एक मोटरसाइकिल को रोका और तलाशी के दौरान चालक की जेब से पॉलीथीन बैग में रखी 196 ग्राम एमडी बरामद की। बरामद मादक पदार्थ और मोटरसाइकिल को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

तीसरे मामले में जिला अफीम अधिकारी नीमच-3 को मिली सूचना पर राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में कार्रवाई की गई। सूचना थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध अफीम की खेप लेकर तस्करों तक पहुंचाने वाला है। टीम ने निम्बाहेड़ा-छोटी सादड़ी मार्ग पर ग्राम नरसाखेड़ी के पास संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान पांच प्लास्टिक थैलियों में रखी 4.673 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। अफीम और मोटरसाइकिल को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

तीनों मामलों में कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीबीएन ने कहा कि नशामुक्त भारत के लक्ष्य को लेकर एजेंसी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

Related Post