ताजासमाचार

नीमच में पहली बार 30 दिवसीय नि:शुल्क चिल्ड्रन्स थिएटर वर्कशॉप, बच्चों को मिलेगा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

डेस्क न्यूज़ 11 June, 2026 अन्य

नीमच। शहर के बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को नई उड़ान देने के उद्देश्य से पहली बार 30 दिवसीय नि:शुल्क चिल्ड्रन्स थिएटर वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी), नई दिल्ली के सहयोग से कलाव्योम फाउंडेशन एवं रंगाभास नाट्यशाला द्वारा यह विशेष कार्यशाला 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक फ्यूचर प्राइड स्कूल, इंदिरा नगर, नीमच में आयोजित की जाएगी।

आयोजकों के अनुसार कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बच्चों को रंगमंच की बारीकियों से परिचित कराना और उनकी रचनात्मक क्षमता का विकास करना है। इस कार्यशाला में 8 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को अभिनय, संवाद अदायगी, बॉडी लैंग्वेज, आवाज़ के प्रभावी उपयोग, चरित्र निर्माण तथा मंचीय प्रस्तुति का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यशाला का संचालन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से प्रशिक्षित निर्देशक सुशीलकांत मिश्रा के मार्गदर्शन में किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को थिएटर की तकनीकी और कलात्मक बारीकियों से अवगत कराया जाएगा, जिससे उनमें आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता, नेतृत्व कौशल और रचनात्मक सोच का विकास हो सके।

आयोजकों ने बताया कि वर्तमान समय में थिएटर बच्चों के व्यक्तित्व विकास का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। यह न केवल मंच पर प्रदर्शन करना सिखाता है, बल्कि बच्चों को बेहतर संवाद, टीमवर्क और आत्मविश्वास के साथ जीवन की चुनौतियों का सामना करना भी सिखाता है।

कार्यशाला की सबसे खास बात यह है कि इसमें पंजीयन और प्रशिक्षण पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। इच्छुक अभिभावक अपने बच्चों का पंजीयन व्हाट्सएप नंबर 9630880461 पर संपर्क कर करा सकते हैं।

कलाव्योम फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक श्रीमाल ने बताया कि यह कार्यशाला उन बच्चों के लिए सुनहरा अवसर है जो अभिनय, मंच, कहानी, कला और अभिव्यक्ति के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को नई पहचान देना चाहते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक बच्चों को इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Related Post