ताजासमाचार

खेत जाते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरे किसान की मौत, परिवार में पसरा मातम

डेस्क न्यूज़ 07 June, 2026 अन्य

नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र की नयागांव चौकी अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गुर्जर खेड़ी निवासी मनोहरलाल नायक के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मनोहरलाल नायक ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रैक्टर-ट्रॉली से नीचे गिर पड़े। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रॉली का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए निजी श्रीराम अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही नयागांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के पुत्र ने बताया कि उनके पिता कृषि कार्य के लिए खेत जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह दुर्घटनावश हुआ हादसा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Post