ताजासमाचार

नीमच में नाबालिग वाहन चालकों पर सख्ती, माता-पिता के खिलाफ होगी न्यायालयीन कार्रवाई

डेस्क न्यूज़ 07 June, 2026 अन्य

नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में जिलेभर में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यातायात पुलिस ने एक नाबालिग को वाहन चलाते हुए पकड़ा और उसके अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।

जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान एक नाबालिग बालक वाहन चलाते हुए पाया गया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और थाने लाया गया। इसके बाद उसके माता-पिता को थाने बुलाकर नाबालिगों को वाहन नहीं देने संबंधी कानूनी प्रावधानों और यातायात नियमों की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिए हैं कि जो भी नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया जाए, उसके माता-पिता या अभिभावकों के विरुद्ध प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए।

इसी क्रम में यातायात थाना प्रभारी सूबेदार सोनू बड़गूजर एवं उनकी टीम ने एक नाबालिग को मोटरसाइकिल चलाते हुए पकड़ा। मामले में संबंधित अभिभावकों के खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई हेतु प्रकरण तैयार किया गया है, जिसे शीघ्र ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Related Post