ताजासमाचार

विश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम मोहन यादव ने लगाया अशोक का पौधा, बोले- किसानों को एमएसपी से ऊपर दाम दिलाना सरकार का लक्ष्य

डेस्क न्यूज़ 05 June, 2026 अन्य

भोपाल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित अपेक्स बैंक मुख्यालय परिसर में अशोक का पौधा लगाकर 'एक पेड़ मां के नाम 2.0' अभियान और प्रदेशव्यापी हरित सहकार अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत 5 जून से 21 जून तक सहकारी संस्थाओं के माध्यम से प्रदेशभर में एक लाख पौधे लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश को "मिल्क कैपिटल" बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए सांची और सहकारिता मॉडल को मजबूत किया जा रहा है, जिससे किसानों की आय में लगातार वृद्धि हो रही है।

किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि गन्ना उत्पादक किसानों को लाभ देने के लिए शिवपुरी जिले के कोलारस में नई शुगर फैक्ट्री स्थापित की जाएगी। साथ ही उद्यानिकी और प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस वर्ष मध्यप्रदेश ने गेहूं उत्पादन और खरीदी में नया रिकॉर्ड बनाया है। सरकार ने किसानों से 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा और एमएसपी के साथ 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देकर 2625 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया।

एमएसपी से ज्यादा दाम दिलाने का प्रयास

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल एमएसपी तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों को उनकी उपज का एमएसपी से अधिक मूल्य दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। सोयाबीन किसानों को भी भावांतर योजना का लाभ दिया गया है।

सहकारी समितियों में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी प्राथमिक सहकारी समिति (पेक्स) में अधिकारी या कर्मचारी गड़बड़ी करते पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। हालांकि इसका असर किसानों पर नहीं पड़ने दिया जाएगा और दोषियों को ही जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

कार्यक्रम में अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र सिंह, प्रमुख सचिव डी.पी. आहूजा, नाबार्ड के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Post