ताजासमाचार

70 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने मोटरसाइकिल भी की जब्त

डेस्क न्यूज़ 05 June, 2026 अन्य

नीमच/ सिंगोली। जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब से भरे दो प्लास्टिक कैन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम रेंज के डीआईजी निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी रोहित राठौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को नाकाबंदी के दौरान नीमच-सिंगोली रोड स्थित रतनगढ़ घाट के ऊपर दो संदिग्ध व्यक्तियों के मोटरसाइकिल से अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे दो प्लास्टिक कैनों में कुल 70 लीटर अवैध हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 14 हजार रुपए बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाबूलाल पिता प्रभुलाल बलाई (28 वर्ष), निवासी केवलपुरा, थाना सिंगोली तथा रामचंद्र पिता लालूराम धाकड़ (38 वर्ष), निवासी मोकमपुरा, थाना सिंगोली के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक RJ 09 PS 1952) भी जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपए है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

Related Post