मनीष बागड़ी
06 May, 2025
नीमच।(मनीष बागड़ी) मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आज सुबह घोषित 10वीं एवं 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में नीमच जिले ने इतिहास रच दिया। जिले ने न केवल शैक्षणिक प्रदर्शन में प्रदेशभर में दूसरा स्थान पाया, बल्कि जिले की बेटीयों ने मेरिट सूची में भी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराते हुए नीमच को गरवान्वित किया।
मप्र के शिक्षा जगत में नीमच के जगमगाते सितारे, छात्राओं ने बढ़ाया जिले का मान
12वीं कॉमर्स संकाय में जावद तहसील के रतनगढ़ की रिया खटोड़ ने राज्य स्तर पर 9वां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। वहीं नीमच उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा पायल पालीवाल ने 10वीं बोर्ड में मेरिट सूची में 9वां स्थान पाया। पायल ने 500 में से 492 वे अंक प्राप्त किए और प्रदेश की प्राविण्य सूची में 9 वा स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही मनासा तहसील के अल्हेड़ गांव की तनिष्ठा पाटीदार ने 10वी कक्षा में 10वां स्थान हासिल किया और नीमच जिले को गौरवान्वित किया।
पायल ने ‘द वाचमेन पोस्ट’ से बातचीत में कहा, “मेरे स्कूल, शिक्षकों और परिवार ने मुझे पूरा सहयोग दिया। चुनोतियों से उबरने में उनका बड़ा योगदान रहा। मेरिट में आना मेरे लिए सपने जैसा है।”
12वीं कॉमर्स संकाय में जावद तहसील के रतनगढ़ की रिया खटोड़ ने राज्य स्तरीय मेरिट में 9वां स्थान प्राप्त किया। उनके पिता राकेश खटोड़ जनरल स्टोर चलाते हैं। रिया की सफलता पर पुरा गांव गर्व से फुला नहीं समा रहा ।
वहीं 10वी बोर्ड परीक्षा में नीमच उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा पायल पालीवाल ने 9वां स्थान पाया। पायल के पिता एक ड्राइवर हैं, लेकिन बेटी के सपनों को उन्होंने कभी सीमित नहीं होने दिया। पायल ने कहा, “मुझे स्कूल, शिक्षकों और परिवार ने हर मुश्किल वक्त में संबल दिया। मैं इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना चाहती हूँ।”
मनासा तहसील के अल्हेड़ गांव की तनिष्ठा पाटीदार ने 10वीं कक्षा में 10वां स्थान प्राप्त किया। तनिष्ठा के पिता एक किसान हैं। उसने भी इंजीनियर बनने का सपना देखा है, और अब इस दिशा में पहला बड़ा कदम बढ़ा चुकी हैं।
परिणामों में नीमच की बड़ी छलांग
2025 में 12वीं कक्षा का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.3 रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12% अधिक है। वहीं 10वीं कक्षा में यह प्रतिशत 87.29 रहा, जिसमें 25% की अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। इस सफलता का श्रेय जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य शिक्षकों ने भी कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के प्रयासों को दिया।
सफलता का श्रेय प्रशासनिक प्रयासों को भी
इस सफलता के पीछे जिला प्रशासन की योजनाबद्ध मेहनत दिखाई देती है। कलेक्टर हिमांशु चंद्र ने बताया कि जिले में नियमित मासिक समीक्षा बैठकें, छात्रों के लिए सेमिनार और परामर्श सत्र आयोजित किए गए। विद्यार्थियों की व्यक्तिगत प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया और विषयवार दक्षता के आधार पर उन्हें मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कलेक्टर चंद्रा ने इस ऐतिहासिक सफलता पर सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा, “यह सफलता केवल परीक्षा में अच्छे अंक नहीं, बल्कि मेहनत, समर्पण और सिस्टमेटिक प्रयासों का परिणाम है।”
प्रदेश के लिए प्रेरणा बना नीमच
नीमच जिले की यह सफलता न केवल स्थानीय जनता के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह पूरे मध्य प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादाई है । यह सिद्ध करता है कि जब इच्छाशक्ति और सही दिशा मिलती है, तो किसी भी क्षेत्र में ऊँचाइयाँ पाई जा सकती है ।