डेस्क न्यूज
22 November, 2025
मनासा। नगर में आज विधायक माधव मारू के पारिवारिक प्रतिष्ठान माधवम हॉस्पिटल का शुभारम्भ किया गया। यह हॉस्पिटल विधायक माधव मारू के पुत्र डॉ.सर्वेश मारू (MBBS, MD Medicine) और बहू डॉ. राधिका मारू (MBBS, MD Pathology) द्वारा संचालित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल रूप से जुड़कर हॉस्पिटल के उद्घाटन समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज की और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में मनासा में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में यह पहल एक सराहनीय कदम बताया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा मुख्य रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने इस अवसर पर जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित यह अस्पताल क्षेत्र के नागरिकों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
साथ ही मंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मप्र शासन प्रहलाद पटेल ने भी अपने उद्बोधन में मारू परिवार की इस पहल की प्रशंसा की।
समारोह में सांसद सुधीर गुप्ता, राज्य सभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक दिलीप सिंह परिहार, विधायक हरदीप सिंह डंग, और विधायक चंदरसिंह सिसोदिया सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नगर परिषद अध्यक्ष सीमा अजय तिवारी समेत अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की
उपस्थित जनसमूह ने मारू परिवार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए इस प्रयास की सराहना की।बताया गया कि माधवम हॉस्पिटल से मनासा एवं आस-पास के क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उच्च स्तरीय सुविधा मिलेगी और उपचार हेतु अन्य शहरों पर निर्भरता कम होगी।अंत में सभी ने उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मारू परिवार को बधाई दी।