डेस्क न्यूज़
30 August, 2025
नीमच | नीमच शहर के प्लेटिनम चौराहा स्थित आर्यन्स ग्रुप द्वारा विराजित राजा गणेशजी के दरबार में शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह आयोजन एक अनूठी परंपरा का साक्षी बना, जहां बहनों और भक्तों ने गणपति बप्पा को राखी बांधकर परिवार और समाज की रक्षा का आशीर्वाद प्राप्त किया।नीमच में यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जिसमें बहनें केवल अपने भाइयों को ही नहीं बल्कि गणेशजी को भी रक्षा सूत्र बांधती हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि गणेशजी को राखी बांधने से जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और सुरक्षा मिलती है। इसी आस्था को जीवित रखते हुए आर्यन्स ग्रुप पिछले 20 वर्षों से इस विशेष आयोजन को निरंतर करता आ रहा है।आयोजन के तहत गणेशजी की विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और मंगल आरती की गई, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और बहनें उपस्थित रहीं और सभी ने बप्पा से परिवार की खुशहाली, स्वास्थ्य और रक्षा का आशीर्वाद मांगा।स्थानीय श्रद्धालु प्रियंका ने बताया कि आर्यन्स ग्रुप द्वारा प्रतिवर्ष गणेशजी की भव्य स्थापना की जाती है। इन दस दिनों के दौरान हर त्योहार का उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। इसी क्रम में रक्षाबंधन पर्व पर बहनों ने गणपति बप्पा को राखी बांधी। उन्होंने कहा कि यहां पर फूलों की होली और दिवाली भी मनाई जाती है, जो इस आयोजन की विशेषता है।यह अनोखा पर्व न केवल आस्था और भक्ति का प्रतीक है, बल्कि नीमच की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी एक प्रयास है। रक्षाबंधन जैसे पावन त्योहार को राजा गणेशजी के दरबार में मनाना नीमच की एक ऐसी विरासत है, जो हर साल श्रद्धालुओं के दिलों में नई ऊर्जा और विश्वास जगाती है।