डेस्क न्यूज
19 August, 2025
प्रशासनिक
नीमच। आमजन की समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान कर जनता का विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम स्थित सभागृह में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया। शिविर में सीएम हेल्पलाइन से जुड़ी शिकायतों का भी निपटारा किया गया।
शिविर के दौरान कुल 18 फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से सुनवाई कर संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी तरह, सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 की 27 शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण कर शिकायतों को बंद किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री जायसवाल ने स्पष्ट कहा कि हर आवेदन का समय पर और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े प्रकरणों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित मामलों पर प्राथमिकता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
शिविर में नगर पुलिस अधीक्षक नीमच किरण चौहान, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, डीएसपी (महिला सुरक्षा शाखा) निकीता सिंह सहित जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारी, संबंधित शाखाओं के अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।