द वाॅचमेन पोस्ट
18 July, 2026
अपराध
नीमच। कैंट थाना क्षेत्र के डुंगलावदा बाईपास स्थित कंचन एग्रो फैक्ट्री में शनिवार दोपहर एक ऑटो चालक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने फैक्ट्री से जुड़े लोगों पर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कनावटी निवासी सोहेल पिता मोहम्मद खालिक (28 वर्ष) शनिवार दोपहर महावीर एजेंसी, नीमच से अपने ऑटो में गैस सिलेंडर लेकर डुंगलावदा बाईपास स्थित कंचन एग्रो फैक्ट्री पहुंचा था। बताया गया कि ठेकेदार वसीम और नदीम के कहने पर उसे फैक्ट्री में करीब पांच गैस सिलेंडर पहुंचाने थे। आरोप है कि फैक्ट्री परिसर में वाहन को आगे-पीछे करते समय ऑटो वहां बिछी पाइप लाइन पर चढ़ गया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। पीड़ित का कहना है कि इसी बात को लेकर फैक्ट्री से जुड़े संजय और अन्य कर्मचारियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
घटना के बाद सोहेल ने अपने परिजनों को सूचना दी। परिजन और समाज के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तथा सभी लोग पीड़ित को लेकर कैंट थाने पहुंचे, जहां फैक्ट्री से जुड़े लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। कैंट थाना पुलिस ने पीड़ित का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई थी।