द वाॅचमेन पोस्ट
18 July, 2026
अपराध
नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम धनेरिया खुर्द की एक महिला ने घर में चोरी और लूट की घटना के बावजूद पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की है। महिला का कहना है कि घटना को लगभग एक माह बीत चुका है, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से परिवार भय के साए में जी रहा है।
पीड़िता श्यामाबाई पति विक्रम सिंह सौंधिया राजपूत, निवासी धनेरिया खुर्द, ने ज्ञापन में बताया कि 1 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे सगराना निवासी विजय सिंह और गजेंद्र सिंह उसके घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने पहले उसके पति को शराब लाने के बहाने घर से बाहर भेज दिया और फिर घर में रखे दो तोला सोने का टंडा, आधा तोला सोने की झुमकियां और करीब 50 ग्राम चांदी की पायजेब चोरी करने लगे। महिला का आरोप है कि आवाज सुनकर जब वह बाहर आई और विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली, धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उसके हाथ में चोट आई। इसके बाद आरोपी सभी आभूषण लेकर फरार हो गए।
पीड़िता ने दावा किया कि आरोपी जिस मोटरसाइकिल (RJ-09 PS-1318) से आए थे, उसका नंबर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। महिला ने आशंका जताई कि यदि उसे या उसके परिवार को कोई नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित आरोपियों की होगी। महिला का आरोप है कि घटना की शिकायत संबंधित थाने में दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण उसने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने, शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद करने तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है।