ताजासमाचार

नीमच में भूकंप पूर्व तैयारी पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित ! कलेक्टर बोले— आपदा से बचाव के लिए पूर्व तैयारी और जनसहयोग सबसे जरूरी

डेस्क न्यूज 17 July, 2026 अन्य

नीमच। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार स्वामी विवेकानंद पी.जी. महाविद्यालय में शुक्रवार को जिला स्तरीय एक दिवसीय भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर चंद्रा ने कहा कि प्राकृतिक अथवा मानवजनित आपदाएं कभी भी बिना पूर्व सूचना के आ सकती हैं। ऐसी परिस्थितियों में प्रभावी आपदा प्रबंधन के लिए पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय आमजन का विश्वास बनाए रखना, घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना, पर्याप्त एम्बुलेंस की व्यवस्था करना तथा जेसीबी, ट्रैक्टर सहित स्थानीय संसाधनों का अद्यतन डाटाबेस तैयार रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि कार्यशाला में भूकंप प्रबंधन के साथ औद्योगिक सुरक्षा एवं औद्योगिक दुर्घटनाओं की रोकथाम से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। कलेक्टर ने जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों को नियमित सुरक्षा ऑडिट एवं प्रदूषण नियंत्रण ऑडिट कराने तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल ने औद्योगिक इकाइयों में प्रशिक्षित सुरक्षा दल गठित करने और प्रभावी आपातकालीन निकासी योजना तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान की जानकारी देते हुए सभी से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश ने विभागीय समन्वय और पूर्व तैयारी के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, आपदा प्रबंधन संस्थान के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह पवार ने बाढ़, भूकंप, चक्रवात, रासायनिक दुर्घटनाओं और भोपाल गैस त्रासदी जैसे मामलों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। उनकी टीम ने आधुनिक बचाव एवं सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन भी किया।

कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में प्रतिभागियों को भूकंप का इतिहास, भूकंप प्रतिरोधी भवन निर्माण, प्राथमिक उपचार, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव तथा पटाखा फैक्ट्रियों में अग्नि सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

इस अवसर पर आपदा प्रबंधन नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, कंपनी कमांडेंट पुष्पा सिंह पंवार सहित पुलिस, राजस्व, एनसीसी, नगर सेना, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Post