द वाॅचमेन पोस्ट
17 July, 2026
दुर्घटना
नीमच। जिले के ग्राम पिपलिया नाथावत में शुक्रवार सुबह मधुमक्खियों के अचानक हुए हमले में दो सगे भाई घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब दोनों भाई घर और आंगन की साफ-सफाई करने के बाद बाहर बैठकर आराम कर रहे थे। तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा और दोनों के शरीर पर कई जगह डंक मार दिए।
जानकारी के अनुसार घायल चैन सिंह (45) और उनके छोटे भाई तूफान सिंह (35) निवासी ग्राम पिपलिया नाथावत हैं। मधुमक्खियों के हमले के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को बचाया और तत्काल जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों भाइयों का उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पहले तूफान सिंह को छुट्टी दे दी गई, जबकि कुछ घंटे चिकित्सकीय निगरानी में रखने के बाद चैन सिंह को भी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।