द वाॅचमेन पोस्ट
17 July, 2026
अन्य
नीमच। पालक महासंघ मध्यप्रदेश की जिला इकाई नीमच एवं महिला विंग ने शुक्रवार को निजी विद्यालयों की मनमानी पर रोक लगाने और जिला मुख्यालय पर स्वीकृत सीएम राइज (सांदीपनी विद्यालय) के भवन निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग को लेकर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन पालक महासंघ के जिलाध्यक्ष जगदीश शर्मा के नेतृत्व में सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि जिले के कई निजी विद्यालयों से संबंधित अनियमितताओं की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। महासंघ ने मांग की कि सभी निजी विद्यालयों में शासन एवं शिक्षा बोर्ड द्वारा निर्धारित एनसीईआरटी और एससीईआरटी की पुस्तकें ही अनिवार्य रूप से लागू कराई जाएं, ताकि अभिभावकों को निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े। महासंघ ने प्रत्येक वर्ष पाठ्यक्रम में अनावश्यक बदलाव पर रोक लगाने की भी मांग की। साथ ही कुछ निजी विद्यालयों द्वारा अभिभावकों को तय दुकानों से ही महंगी किताबें, कॉपियां और यूनिफॉर्म खरीदने के लिए बाध्य किए जाने संबंधी शिकायतों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य का मुद्दा भी उठाया गया। पालक महासंघ ने मानवाधिकार आयोग एवं शासन के निर्देशों के अनुरूप स्कूल बैग का वजन निर्धारित मानकों के अनुसार सुनिश्चित करने और इसकी नियमित जांच कराने की मांग की। इसके अलावा दो वर्ष पूर्व स्वीकृत सीएम राइज (सांदीपनी विद्यालय) भवन निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने का अनुरोध भी किया गया। महासंघ का कहना है कि शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, नीमच कैंट परिसर में भवन निर्माण के लिए ले-आउट तैयार हो चुका है, इसलिए अब निर्माण कार्य में और विलंब नहीं होना चाहिए।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने पालक महासंघ के प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए पाठ्यक्रम परिवर्तन सहित अन्य मुद्दों पर आवश्यक मार्गदर्शन दिया तथा शेष मांगों की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान बालकृष्ण सोलंकी, श्रवण शर्मा राज, कपिल शुक्ला, उषा मित्तल, आशा सांभर, श्वेता शर्मा एडवोकेट सहित पालक महासंघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।