ताजासमाचार

जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर समाधान

द वाॅचमेन पोस्ट 16 July, 2026 प्रशासनिक

नीमच। ग्राम पालसोड़ा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया, जबकि शेष प्रकरणों के समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है।

शिविर में ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की कमी, इथेनॉल प्लांट के अपशिष्ट जल से रेतम नदी प्रदूषित होने, खेल मैदान, सड़क निर्माण, स्कूल में शिक्षकों की नियुक्ति तथा बिना नंबर प्लेट और अवैध वाहनों पर कार्रवाई की मांग रखी। कलेक्टर ने सभी मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा मंदिरों तक पहुंच मार्ग, विद्युत व्यवस्था, नीलगायों से फसलों की सुरक्षा, श्मशान भूमि, पिपलिया में नया ट्रांसफार्मर, रेतम नदी पर नए बांध के प्रस्ताव और राजस्व विवादों के त्वरित निराकरण के भी निर्देश दिए। आधार कार्ड संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए 25 जुलाई को विशेष आधार शिविर आयोजित करने की घोषणा की गई।

शिविर में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने ग्रामीणों की चोरी संबंधी शिकायतें सुनकर थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए तथा गांवों में ग्राम रक्षा समितियों के गठन पर जोर दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Post