द वाॅचमेन पोस्ट
17 July, 2026
नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई 2026 तक चलाए जा रहे "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के तहत शुक्रवार को नीमच जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में जिलेभर में लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
नीमच कैंट थाना क्षेत्र के सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान एवं थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक और शारीरिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। इस दौरान सभी विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई और अपने परिवार व समाज को भी नशे के प्रति जागरूक करने का संकल्प कराया गया। वहीं जावद थाना क्षेत्र की बिरला सीमेंट फैक्ट्री, खोर में एसडीओपी हर्ष राठौर एवं थाना प्रभारी मनोज सिंह जादौन ने लगभग 300 फैक्ट्री कर्मचारियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
इसके अलावा जावद के शासकीय मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय, रतनगढ़ कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, पिपलिया घोटा शासकीय बालक हाई स्कूल तथा रामपुरा कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में भी पुलिस अधिकारियों ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। पुलिस का कहना है कि "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" स्वस्थ युवा, सुरक्षित समाज और सशक्त राष्ट्र की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है।