न्यूज डेस्क
19 August, 2025
सामाजिक
नीमच। म.प्र. शासन, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी भारतीय ज्ञान परंपरा वार्षिक गतिविधि कैलेंडर के अंतर्गत श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का मुख्य विषय ‘‘वसुधैव कुटुंबकम्’’ रखा गया, जिसके अंतर्गत विशेष व्याख्यान, संगीत प्रस्तुति एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित हुई।कार्यक्रम की शुरुआत ‘‘वसुधैव कुटुंबकम्’’ पर विशेष व्याख्यान से हुई। प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने इस अवधारणा के व्यवहारिक एवं दार्शनिक महत्व को रेखांकित किया। वहीं मुख्य वक्ता प्रो. हीर सिंह राजपूत ने इसे वैश्विक और राजनीतिक दृष्टिकोण से समझाते हुए आज के युग में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की यह मूल भावना आज भी विश्व में शांति और सौहार्द का संदेश देती है।इसके बाद संगीत विभाग की छात्राओं कु. खुशी मेहरा, कु. विस्मिता जैन और श्रीमती राधिका काबरा ने भारतीय संस्कृति पर आधारित गीत-संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इनका संयोजन संगीत विभाग के प्रो. संजय बिजोलिया और डॉ. अमृता सोनी ने किया। साथ ही चित्रकला विभाग द्वारा ‘‘विश्व शांति एवं सौहार्द’’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका संयोजन डॉ. राजेश डोडिया एवं सुश्री तनवी सक्सेना ने किया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निर्णायक मंडल में डॉ. बीना चौधरी, डॉ. पी.सी. रांका और डॉ. रश्मि हरित सम्मिलित रहे।प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कु. मीनाक्षी यादव (एम.ए. प्रथम सेमेस्टर चित्रकला), द्वितीय स्थान कु. लतिका सोनी (बी.ए. प्रथम वर्ष) तथा तृतीय स्थान कु. अंजलीना मन्सुरी (बी.ए. प्रथम वर्ष) ने प्राप्त किया।
पूरे आयोजन का संयोजन भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. रामकुमार पेंसिया के निर्देशन में हुआ। प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी की अध्यक्षता में संपन्न इस कार्यक्रम का संचालन एवं आभार डॉ. रश्मि वर्मा ने किया। छात्राओं की सक्रिय सहभागिता और उत्साहपूर्ण उपस्थिति से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।